हरियाणा में गैंगवार का खूनी खेल! मोबाइल पर बात कर रहा था युवक… तभी बोलेरो से उतरे बदमाश और बरसा दी गोलियां

झज्जर: हरियाणा के झज्जर जिले में गैंगवार से जुड़ी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान हितेश उर्फ ​​गुलू के रूप में हुई है, जो सुबाना गांव का रहने वाला था. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है.

जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस वक्त हुई जब हितेश अपने घर के बाहर खड़ा होकर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था. इसी दौरान एक बोलेरो गाड़ी वहां आकर रुकी. हितेश कुछ समझ पाता, इससे पहले ही गाड़ी से उतरे तीन से चार युवकों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.

20 से ज्यादा गोलियां चलाकर की हत्या
हमलावरों ने हितेश पर करीब 20 से 25 राउंड गोलियां चलाईं. अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि हितेश का पूरा शरीर गोलियों से छलनी हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. गोलीबारी की आवाज सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी.

पुरानी रंजिश और गैंगवार का एंगल
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के कई खोल बरामद किए हैं. खून से लथपथ पड़े हितेश को तुरंत झज्जर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस दौरान पुलिस और फोरेंसिक टीम के कर्मचारी सबूत इकट्ठा करने के लिए सुबाना गांव पहुंचे.

पुलिस के अनुसार यह मामला पुरानी रंजिश और गैंगवार से जुड़ा लग रहा है. एक आरोपी की पहचान भी कर ली गई है, जिस पर कुछ दिन पहले मृतक के परिवार ने गोलीबारी का आरोप लगाया था. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि दोनों व्यक्ति किस गैंग से जुड़े हुए हैं.