हरियाणा में ठंड ने पकड़ा जोर, तापमान में भारी गिरावट, अभी और बढ़ने वाली है सर्दी, IMD ने दी चेतावनी

फरीदाबाद: हरियाणा में ठंड ने अब सच में रंग दिखाना शुरू कर दिया है. दिसंबर का आखिरी हफ्ता है और सुबह-शाम की सर्दी लोगों को जमकर महसूस हो रही है. मौसम विभाग ने बताया कि 27 दिसंबर को प्रदेश के अधिकतम तापमान में हल्की सी गिरावट आई. औसतन 0.2 डिग्री सेल्सियस कम. तापमान अब भी सामान्य के आसपास है. मगर सुबह घर से निकलते ही ठंड सीधे हड्डियों में उतर जाती है. दिन में सूरज कभी-कभी झांक लेता है, जिससे थोड़ी राहत मिलती है. दोपहर में धूप पड़ते ही लोगों को गर्माहट सी महसूस होती है लेकिन शाम होते न होते ठंड फिर से सिर उठाने लगती है. सड़क पर निकलो तो लोग स्वेटर, जैकेट, शॉल में लिपटे नजर आते हैं.

अब बात करें तापमान की पलवल के वॉटर सर्विस डिवीजन में 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सिरसा में 23.2 और नूंह में 22.9 डिग्री. हिसार में भी तापमान 22.5 डिग्री रहा जो सामान्य से करीब 2 डिग्री ज्यादा था. इन इलाकों में दिन में मौसम थोड़ा बेहतर रहा धूप ने राहत दी. लेकिन कुछ जिले ऐसे भी रहे, जहां ठंड ने पूरा जोर दिखाया. पानीपत के उझा में दिन का तापमान महज 16 डिग्री तक पहुंचा यानी प्रदेश में सबसे कम. कैथल के कौल में 16.7, करनाल के उचानी में 18 डिग्री, अंबाला में 17.5 और करनाल में 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा ये सभी सामान्य से नीचे. इन इलाकों में तो दिन में भी लोग कपकपाते रहे.

चंडीगढ़ की बात करें तो वहां तापमान 20.1 डिग्री दर्ज हुआ. एयरपोर्ट पर थोड़ा कम 18.8 डिग्री. रोहतक में 20.2, गुरुग्राम में 20.7 और सोनीपत-मेवात जैसे इलाकों में तापमान 21 से 22 डिग्री के बीच रहा. पिछले 24 घंटों में कई जिलों में तापमान थोड़ा ऊपर नीचे हुआ. कहीं हल्की गिरावट कहीं मामूली बढ़ोतरी मगर एक बात एक जैसी रही कहीं भी बारिश नहीं हुई. पूरे प्रदेश में मौसम सूखा है.

मौसम विशेषज्ञों ने साफ कहा है आने वाले दिनों में रात का तापमान और गिरेगा. यानी ठंड और बढ़ेगी. खुले इलाकों में सुबह सुबह कोहरा भी छा सकता है तो गाड़ी चलाने वालों को संभलकर चलने की सलाह दी गई है.

हिसार के चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया 31 दिसंबर तक मौसम ऐसा ही बदलता रहेगा. आज से 30 दिसंबर के बीच ठंड और बढ़ने वाली है. उसके बाद उत्तर और उत्तर पश्चिम से चलने वाली सर्द हवाएं रात का तापमान और गिरा देंगी. कुल मिलाकर हरियाणा में सर्दी धीरे-धीरे रंग जमा रही है. दिन में धूप राहत देती है मगर सुबह रात की सर्दी लोगों को कंपा रही है. बुजुर्गों और बच्चों को तो खास तौर पर ठंड से बचकर रहना चाहिए.