नोएडा: दिल्ली से सटे और यूपी की शो विंडो कहे जाने वाले नोएडा शहर में अज्ञात शवों के मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला नोएडा के थाना सेक्टर-142 क्षेत्र का है. यहां सेक्टर-142 स्थित डंपिंग यार्ड में कचरे के ढेर से एक 22 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया. शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी.
उसके हाथ और पैर बंधे हुए थे..
असल में मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला का शव एक बैग में मिला. जिसके भीतर उसके हाथ और पैर बंधे हुए थे. इस स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज
घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और डंपिंग यार्ड के आसपास साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया. टीम ने मौके से जरूरी नमूने एकत्र किए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को कब और किन हालात में यहां फेंका गया. साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिससे किसी संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की जा सके.
अज्ञात महिला की पहचान के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन किया है. आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदा महिलाओं की जानकारी जुटाई जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. इस संबंध में सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही महिला की पहचान कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.