जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर बस-कार की भीषण टक्कर में हरियाणा के तीन दोस्तों की मौत हो गई, दो गंभीर

जम्मू। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में हरियाणा के तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जगती-करली क्षेत्र में आईआईएम जम्मू के पास उस समय हुआ, जब जम्मू से उधमपुर की ओर जा रही एक बस और सामने से आ रही क्रेटा कार (एचआर29बीबी-2127)की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को निकालकर जीएमसी जम्मू अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक अन्य युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सिकंदर सैफी निवासी बल्लभगढ़ (हरियाणा), शक्ति निवासी बल्लभगढ़ (हरियाणा) और मोहित वर्मा पुत्र सुनील वर्मा निवासी बल्लभगढ़ (हरियाणा) के रूप में हुई है।

वहीं, हादसे में घायल हुए दीपक वर्मा (25) पुत्र मनोज वर्मा निवासी बल्लभगढ़, हरियाणा तथा कुलदीप शर्मा पुत्र इंदरपाल शर्मा निवासी बहुदत्त का जीएमसी जम्मू में उपचार चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बताया जा रहा है कि कार सवार युवक पहले कश्मीर घूमने गए थे और वहां से श्री माता वैष्णो देवी, कटड़ा के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, क्योंकि घायलों की हालत फिलहाल बयान देने योग्य नहीं है।

नगरोटा थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुई।पी से सीखें हरियाणा