भिवानी। जिले के गांव फूलपुरा में दर्दनाक घटना हुई जहां अपने बडे़ भाई की खुंटी पर टंगी स्कूल की टाई से खेल रहे सात वर्षीय मासूम की फंदा बनने से मौत से हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है, वहीं माता-पिता समेत स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव फुलपुरा वासी अनिल कुमार रोहतक में एक कपडे़ की दुकान पर काम करता है। उसके दो लड़के है और दोनों ही गांव के एक निजी स्कूल में पढ़ते है। बड़े बेटे की स्कूल ड्रेस में टाई भी लगती है। छोटा बेटा सात वर्षीय हर्षित अपने भाई की खुंटी पर लगी टाई के साथ खेल रहा था। स्वजन के अनुसार वह पहनने का प्रयास कर रहा था।
इसी दौरान खेल खेल में टाई का फंदा बन गया। उसकी माता कमरे से बाहर उससे महज चार-पांच फुट की दूरी पर कपड़ों को प्रेस कर रही थी जबकि बड़ा बेटा होमवर्क करने के बाद बाहर खेल रहा था।
जब स्वजन ने उसे संभाला तब तक वह बेसुद हो चुका था। स्वजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी मातम का माहौल है। मामले में खरक चौकी से इंचार्ज धर्म सिंह ने बताया कि मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।