खौला-खौला कर पीते हैं चाय, तो हो जाएं सतर्क, 8 तरह की बीमारियां घेरने को तैयार

Hot Tea Risk: भारत में सुबह की शुरुआत और शाम की थकान मिटाने के लिए एक कप चाय सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला हॉट ड्रिंक है. बहुत से लोग तो दिनभर में 5-6 बार चाय पीते हैं. चाय का स्वाद और ताजगी भले ही लोगों को एनर्जी देता हो, लेकिन अगर आप बहुत ज्यादा गर्म चाय पीने के शौकीन हैं, तो ये आदत आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकती है. हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, लगातार 65 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा तापमान वाली चाय पीने से शरीर कई तरह की बीमारियों की चपेट में आ सकता है. आइए भारत की मशहूर डायटीशियन आयुषी यादव (Ayushi Yadav) से जानते हैं कि ये आदत किन 8 बीमारियों का कारण बन सकती है.

हद से ज्यादा गर्म चाय पीने के नुकसान

1. इसोफेगस का कैंसर
गर्म चाय पीने से गले और फूड पाइप (इसोफेगस) की परत बार-बार जल सकती है. लंबे समय तक ये जलन कैंसर सेल्स बनने की संभावना को बढ़ा देती है. यही वजह है कि वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) भी हद से ज्यादा हॉट ड्रिंक्स को कैंसर का खतरा बढ़ाने वाला मान चुका है.

2. मुंह और जीभ की जलन
लगातार गर्म चाय पीने से जीभ और मुंह के टिशूज बार-बार जलते हैं. इससे टेस्ट बड्स खराब हो सकते है और कई बार छाले जैसी परेशानी भी हो सकती है.

3. गले का इंफेक्शन
गर्म चाय बार-बार पीने से गले की नमी कम हो जाती है और वहां के सेल्स को नुकसान होता है. इससे गले में खराश, जलन और बार-बार इंफेक्शन की परेशानी हो सकती है.

4. खराब हाजमा
बहुत गर्म चाय पेट की अंदरूनी परत को भी नुकसान पहुंचाती है. इससे गैस, एसिडिटी, अपच और अल्सर जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. हाजमा दुरुस्त रखना है तो चाय कम पिएं.

5. दांत और मसूड़ों की कमजोरी
हद से ज्यादा गर्म चाय पीने से दांतों की ऊपरी परत (एनामेल) धीरे-धीरे घिस सकती है. मसूड़ों पर भी इसका असर पड़ता है और लंबे समय में दांत कमजोर होने लगते हैं.

6. हड्डियों की कमजोरी
गर्म चाय के साथ अगर आप दिनभर में चाय की मात्रा भी ज्यादा लेते हैं तो कैल्शियम की कमी हो सकती है. इससे हड्डियां कमजोर होने लगती हैं और ऑस्टियोपोरोसिस (Osteoporosis) का खतरा बढ़ जाता है.

7. हार्ट प्रॉब्लम्स
कई रिसर्च में पाया गया है कि बहुत गर्म और ज्यादा मात्रा में चाय पीने से ब्लड प्रेशर असंतुलित हो सकता है. लंबे समय में यह आदत दिल की बीमारियों का रिस्क भी बढ़ा सकती है.

8. नींद से जुड़ी परेशानियां
गर्म चाय, खासकर अगर उसमें कैफीन की मात्रा ज्यादा हो, तो नींद पर असर डालती है. देर रात गर्म चाय पीना नींद की कमी और मानसिक थकान का कारण बन सकता है.

आप क्या करें?

1. चाय को बनाते ही तुरंत न पिएं, थोड़ी देर ठंडा होने दें.

2. दिनभर में 2 से 3 कप से ज्यादा चाय पीने से बचें.

3. हर्बल टी या ग्रीन टी का ऑप्शन.

4. चाय पीते वक्त उसमें चीनीं और दूध ज्यादा न मिलाएं.