आगरा। एलएस होटल में गूंज रहीं महिला की चीख सुनकर शुक्रवार शाम वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर भीड़ जुट गई और गेट तोड़कर महिला को बाहर निकाला। होटल से चार युवतियों और तीन युवकों को पकड़े जाने की चर्चा रही। एक वीडियो भी प्रसारित हुआ, इसमें लोग दो युवतियों को पकड़ रहे थे।
भीड़ में शामिल लोग युवतियों को होटल से निकलने की बात कह रहे थे। वहीं युवतियां उसी बिल्डिंग स्थित फाइनेंस कंपनी के आफिस का खुद को कर्मचारी बता रही थीं। पुलिस ने महिला व होटल संचालक के बीच लेनदेन का विवाद बताया। आरोपित होटल संचालक मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
रामबाग स्थित एलएस होटल से शुक्रवार शाम चार बजे एक महिला की चीख राहगीरों ने सुनी। होटल का दरवाजा अंदर से बंद था। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गेट तोड़कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीन युवक महिला को होटल के अंदर खींच ले गए थे। विरोध करते हुए महिला ने होटल का शीशा तोड़ दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और महिला सहित संदिग्धों को थाने ले आई। एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि ऊना हिमाचल की रहने वाली पूजा नाम की महिला टूंडला में प्राइवेट काम करती हैं। उनकी किराये पर होटल का संचालक कर रहे एत्माद्दौला निवासी अंकित सिंह से दोस्ती थी।
दोनों शादीशुदा हैं और पति-पत्नी से संबंध ठीक नहीं हैं। लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। होटल के बाहर चीख रही महिला को युवक बातचीत के लिए अंदर पकड़कर ले जा रहा था। महिला को थाने लाकर पूछताछ की गई है। होटल संचालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।