चंडीगढ़-मनाली: हिमाचल प्रदेश में बारिश से अभी राहत मिलने वाली नहीं है. मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए प्रदेश में भारी बारिश को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. ऐसे में आने वाले समय में लैंडस्लाइड और बाढ़ जैसी घटनाएं बढ़ सकती हैं. प्रदेश में भारी बारिश के चलते लगातार लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आ रही हैं. जलस्तर बढ़ने से नदी-नाले उफान पर हैं. जिससे ऊपरी इलाकों में भूमि कटाव और निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 2 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा. इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम व भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
चंडीगढ़-मनाली NH फिर हुआ बंद, खोतीनाला के पास भरभराकर गिरा पहाड़
मंडी: चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे एक बार फिर यातायात के लिए बंद हो गया है. इस बार पंडोह और औट के बीच स्थित खोतीनाला के पास भारी लैंडस्लाइड के कारण यह हाईवे बंद हो गया है. हाईवे आज सुबह करीब 7 बजे बंद हुआ. जब खोतीनाला के पास लैंडस्लाइड हुआ तो उस वक्त पंडोह पुलिस चौकी की टीम भी यहां पर मौजूद थी. पुलिस कर्मी चेत राम ने पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों को देखते हुए तुरंत प्रभाव से सारा ट्रेफिक रूकवा दिया और जो वाहन आगे खड़े थे उन्हें तुरंत प्रभाव से पीछे करवाया.
पुलिस चौकी के प्रभारी अनिल कटोच ने बताया, “मलबा गिरने से पहले ही ट्रैफिक को रोक दिया गया था. जिस कारण कोई भी हादसा नहीं हुआ है. मलबा काफी ज्यादा है और इसे हटाने में अभी समय लग जाएगा. उसके बाद ही हाईवे यातायात के लिए बहाल हो पाएगा.”
कुल्लू के इस गांव में लैंडस्लाइड, घरों में आई दरारें, 40 परिवार हुए बेघर
जिला कुल्लू में भारी बारिश के चलते लग घाटी के बागन गांव में पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानें लगातार नीचे गिर रही हैं. जिससे गांव में जगह-जगह दरारें आ गई हैं. जिसके चलते 40 मकान बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं. ऐसे में 40 परिवारों ने मजबूरन अपने घर छोड़ दिए हैं. यह सभी परिवार अब स्कूल या अपने रिश्तेदारों के घरों में रह रहे हैं. ऐसे में अगर आगामी दिनों में भारी बारिश होती है तो ये सभी घर लैंडस्लाइड की चपेट में आ सकते हैं. गांव का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है और गांव तक पहुंचने के लिए दो से ढाई घंटे की खड़ी चढ़ाई, ऊबड़-खाबड़ और जोखिम भरे रास्ते से जाना पड़ रहा है.
बागन गांव के निवासी शांता देवी, विजय कुमार, कर्ण सिंह का कहना है, “भारी बारिश के कारण घरों में दरारें आ गई हैं और पूरे गांव पर ढहने का खतरा है. कई परिवारों ने स्कूल और रिश्तेदारों के घरों में शरण ली है, लेकिन वो इन जगहों पर भी कितने दिन रह पाएंगे. बागन गांव के साथ बढ़ई नाला बहता है. जिस कारण भूमि कटाव लगातार जारी है. इसका तटीकरण होने से गांव को बचाया जा सकता है.”
गोहर उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत नांडी में बीती रात को बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है. बारिश के कारण कटवांढ़ी नाले का जलस्तर बढ़ गया और इस कारण कट स्टोन की एक इंडस्ट्री पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. इसके अलावा 6 दुकानों में भी पानी और मलबा घुसने से उनका भी लाखों का नुकसान हो गया है. एक कार भी नाले के तेज बहाव में बह गई है.
ग्राम पंचायत नांडी के प्रधान फत्ता राम ने बताया, “रात करीब दस बजे पंचायत में जोरदार बारिश शुरू हुई. जिसके कारण कटवांढ़ी नाले में उफान आ गया. जिस तरफ से यह नाला बहकर आता है, उस तरफ उपर कहीं पहाड़ी पर बादल फटने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि नाले में इतना अधिक पानी पहले कभी नहीं देखा. लोग पहले ही सचेत हो गए थे और हर परिस्थिति पर नजर रखे हुए थे. इस घटना में किसी भी तरह के जानी नुकसान की कोई सूचना नहीं है.”
हिमाचल के इन जिलों में आज भी बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज, भारी बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में आज भी भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. जबकि ऊना, बिलासपुर, मंडी और शिमला में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में भारी बारिश को देखते हुए कुल्लू-मनाली, कांगड़ा, सिरमौर और चंबा प्रशासन ने आज स्कूल-कॉलेज समेत सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया है. प्रशासन का कहना है कि भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड और बाढ़ की घटनाएं हो रही हैं. ऐसे में छात्रों को किसी भी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े और वे सुरक्षित रहें, इसलिए शिक्षण संस्थानों को बंद करने का फैसला लिया गया है.