शिमला: जिला पुलिस शिमला ने नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए LSD की बड़ी खेप बरामद की है. पुलिस थाना न्यू शिमला में इसे लेकर एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
एएसपी शिमला अभिषेक ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की टीम टीम ने हिम निवास, BCS शिमला में दबिश दी थी. इस दौरान संदीप शर्मा (40) निवासी, धर्मकोट मोगा (पंजाब) और प्रिया शर्मा (26) निवासी ददाहू जिला सिरमौर के कब्जे से 562 स्ट्रिप्स (स्टैम्प साइज) LSD बरामद की गई. बरामद LSD का कुल वजन 11.570 ग्राम है.
एएसपी, अभिषेक (ETV Bharat)
एएसपी ने बताया कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत LSD की कमर्शियल मात्रा 0.1 ग्राम से अधिक मानी जाती है, जिसमें 20 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है. बरामद की गई करीब 11.5 ग्राम LSD की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी जा रही है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संदीप शर्मा पिछले करीब 10 वर्षों से LSD की तस्करी में शामिल रहा है. पूछताछ में यह भी सामने आया है कि उसके खिलाफ पहले भी चिट्टा तस्करी से जुड़ा मामला दर्ज है.पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है. शिमला पुलिस के अनुसार इस वर्ष अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 73 मामले दर्ज कर 136 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इनमें से 12 आरोपियों को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और भारत-नेपाल बॉर्डर जैसे बाहरी राज्यों से बैकवर्ड लिंक के आधार पर पकड़ा गया है .इसके अलावा पिछले 45 दिनों में PIT NDPS के तहत 30 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.