हिमाचल के पूर्व IPS छपरा से लड़ रहे थे चुनाव, जमानत हुई जब्त

शिमला: बिहार विधानसभा चुनावों की नतीजे आ चुके हैं. एक बार फिर एनडीए ने बिहार विधानसभा चुनावों में रिकॉर्डतोड़ जीत हासिल की है. एनडीए को इन चुनावों में पिछले बार के मुकाबले ज्यादा सीटें मिली हैं. 243 सीटों में से एनडीए को 202, महागठबंधन को 35 और अन्य को छह सीटें मिली. एनडीए की आंधी में अन्य पार्टियों का सूपड़ा ही साफ हो गया.

इस बार प्रशांत किशोर की जन सुराज की पार्टी भी मैदान में थी. लोगों की नजरें पार्टी के प्रदर्शन पर थी और मानना था कि नतीजों के बाद जन सुराज किसी भी पार्टी की सरकार बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगी. ज सुराज ने अपनी पार्टी में कई बड़े नामों जैसे आईएएस, आईपीएस को शामिल किया था और चुनावी मैदान में उतारा था, लेकिन अधिकतर लोगों की जमानत जब्त हो गई. हिमाचल काडर के पूर्व आईपीएस एडीजीपी जेपी सिंह (जय प्रकाश सिंह) भी जन सुराज पार्टी से चुनाव लड़ रहे थे.

छपरा सीट का रिजल्ट
छपरा सीट का रिजल्ट (PIC CREDIT: ECI)
ऐसे रहे नतीजे

जेपी सिंह ने चुनाव लड़ने के लिए समय से पहले ही इस साल नौकरी से वीआरएस ले लिया था. पार्टी ने उन्हें छपरा से चुनावी मैदान में उतारा था, लेकिन वो चौथे स्थान पर रहे जहां उनकी जमानत जब्त हो गई. उनसे आगे तीसरे नंबर पर निर्दलीय उम्मीदवार रहीं. जेपी सिंह को 3433 वोट ही मिले. इसी सीट पर चुनाव लड़ रहे भोजपुरी स्टार और आरजेडी उम्मीदवार खेसारी लाल (शत्रुघन यादव) भी चुनाव हार गए और दूसरे नंबर पर रहे उन्हें 79245 वोट मिले. इस सीट पर बीजेपी की छोटी कुमारी ने 86845 वोट लेकर 7600 वोटों के अंतर से ये सीट अपनी झोली में डाली.

कौन हैं जेपी सिंह

बिहार के छपरा जिले से संबंध रखने वाले डॉ. जय प्रकाश सिंह साल 2000 बैच के हिमाचल काडर के आईपीएस अफसर हैं. 2001 में उन्हें हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बतौर प्रोबेशनर तैनाती मिली. इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा के पद पर रहे. जेपी सिंह ने इसके बाद हिमाचल के राज्यपाल के एडीसी, चंबा और सिरमौर जिले के एसपी की कमान संभाली थी. हिमाचल में उन्होंने एसपी इंटेलिजेंस की जिम्मेदारी भी संभाली थी. वीआरएस के समय वो एडीजीपी सीआईडी के पद पर कार्यरत थे. वो आईजी दक्षिण रेंज औऱ आईजी नॉर्थ रेंज के अलावा विजिलेंस में भी सेवाएं दे चुके हैं. जय प्रकाश सिंह को 31 जुलाई 2027 को रिटायर होना था लेकिन उससे करीब दो साल पहले ही उन्होंने वीआरएस ले लिया था.