हिमाचल प्रदेश में बद्दी-नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग समेत अन्य मार्गों पर देर रात खुले पेट्रोल पंपों पर स्विफ्ट कार में तेल भरवाने आए बदमाशों ने कर्मचारियों से हथियार की नोक पर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया। बदमाशों ने एक ही रात में बद्दी व नालागढ़ के चार पेट्रोल पंप पर पिस्टल दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।
इसके बाद इन्हीं बदमाशों ने हिमाचल सीमा के साथ लगते पंजाब के कीरतपुर व श्री आनंदपुर साहिब में भी पेट्रोल पंप को निशाना बनाया। बदमाशों की इस वारदात के बाद से पेट्रोल पंप संचालकों में डर का माहौल है।
वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद
ये घटनाएं पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है लेकिन इनका पता नहीं चल पाया है। बदमाशों ने मानपुरा, भुड्ड बैरियर, किरपालपुर, राजपुरा समेत पंजाब के खुराना मोटर्स पेट्रोल पंप को निशाना बनाया।
हॉर्न बजाकर उठाए कर्मचारी, कैश लूट हुए फरार
पंप संचालक पंकज चौहान व पंजाब के पंप संचालक रवि खुराना का कहना है कि वीरवार रात को उनके पेट्रोल पंप पर एक स्विफ्ट कार में लोग तेल भरवाने पहुंचे थे। कार चालक ने तेल भरवाने के लिए लगातार हार्न बजाने शुरू कर दिए। इसके बाद कर्मचारी बाहर आए तो बंदूक दिखाकर लूट कर फरार हो गए।
क्या कहते हैं एएसपी बद्दी
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ली है।
पेट्रोल पंप संचालकों ने की सुरक्षा की मांग
बीबीएन के पंप संचालकों ने बदमाशों से सुरक्षा की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो पर रात के समय बंद करने पड़ेंगे, जिससे लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पंपों की सुरक्षा को लेकर पुलिस को गंभीर होना पड़ेगा।