हिमाचल में आज से फिर बिगड़ेगा मौसम! इन जिलों में भारी बारिश-बर्फबारी की संभावना, येलो अलर्ट जारी

शिमला: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से मौसम का रुख बदलने जा रहा है. नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से प्रदेश के विभिन्न स्थानों बारिश-बर्फबारी की संभावना है. इसके साथ ही कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 3 फरवरी तक विभिन्न जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार है.

प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ में ज्यादा एक्टिव होने के चलते कुल्लू, चंबा और लाहौल-स्पीति समेत अन्य ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बर्फबारी का संभावना है. वहीं, अन्य मध्यम ऊंचाई वाले और निचले एवं मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं, जिसको लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है. वहीं, 27 जनवरी को ऊंचाई और मध्यम पर्वतीय वाले इलाकों में हुई भारी बर्फबारी के चलते अभी तक हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं. हालांकि, इस बर्फबारी से एक ओर किसानों-बागवानों ने राहत की सांस ली है. वहीं, दूसरी ओर इन इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. प्रदेश में अभी भी 3 नेशनल हाईवे समेत लगभग 652 सड़कें बाधित हैं, जिसके चलते स्थानीय लोगों को साथ पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

भारी बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के अनुसार, “शुक्रवार 30 जनवरी से प्रदेश को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस द्वारा प्रभावित करने का असर शनिवार, 31 जनवरी और 1 फरवरी को सबसे अधिक होगा. रविवार, 1 फरवरी को पूरे प्रदेश में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी होने की संभावना है. प्रदेश में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिसके चलते प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम में बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है.”

हिमाचल में मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार, 31 जनवरी को ऊंचाई और मध्यम पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है. जबकि, निचले एवं मैदानी इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं. वहीं, रविवार1 फरवरी को प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस ज्यादा एक्टिव होगा, जिसके चलते प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेशभर में येलो अलर्ट जारी किया है.

सोमवार, 2 फरवरी को ऊंचे और मध्यम पहाड़ी इलाकों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं, जबकि निचले एवं मैदानी इलाकों में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. मंगलवार, 3 फरवरी को प्रदेश के ऊंचाई और मध्यम पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है. वहीं, निचले एवं मैदानी क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं. वहीं, 4 फरवरी को प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का दौर थमेगा और मौसम साफ बना रहेगा.

वाहन चावकों से सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग के अनुसार, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी जिले में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. घना कोहरा छाए रहने के चलते विजिबिलिटी कम होने से दुर्घटना का संभावना बढ़ जाती है. ऐसे में प्रशासन की ओर से वाहन चालकों से सावधानी के साथ वाहन चलाने की अपील की गई रही है.