बाबा बालक नाथ मंदिर में अचानक गिरी कांगड़ा की महिला और हो गई मौत, दियोटसिद्ध में चार दिन में दूसरी घटना

चैत्र मेलों के दौरान दियोटसिद्ध स्थित बाबा बालकनाथजी के मंदिर में एक और दुखद घटना सामने आई है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कांगड़ा जिला के देहरा क्षेत्र की 68 वर्षीय महिला श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मेले के दौरान चार दिन में यह दूसरी मौत होने से प्रशासन और श्रद्धालुओं में चिंता बढ़ गई है।

मृतका की पहचान कृष्णा कुमारी निवासी गांव नोरा, तहसील देहरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान अचानक गिर पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सहायता पहुंचाई और ट्रस्ट प्रशासन को सूचना दी।

आखिर मौत का क्या कारण
प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला को चिकित्सीय सहायता देने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

मंदिर अधिकारी ने दी सहायता
मंदिर अधिकारी केशव कुमार ने बताया कि मृतक के स्वजन को 10 हजार रुपये की राशि मंदिर न्यास की ओर से तत्काल सहायता के रूप में दी गई है।