आधी रात को महिला के कमरे में घुसा युवक, दरवाजे खोलते ही गले से दबोचा, बोला-किसी को बताया तो जान से मार दूंगा

कुल्लू. आधी रात को महिला घर में अकेली सोई थी. इस बीच दरवाजे पर दस्तक हुई. महिला ने भी दरवाजा खोला. फिर शख्स ने उसे गले से पकड़ लिया और धमकी दी. हालांकि, शोर मचाने पर आरोपी भाग गया. मामला हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले का है. जानकारी के अनुसार, कुल्लू के ब्रौ में एक महिला के घर में आधी रात अज्ञात युवक के घुसने और धमकी दी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है.

दरअसल, शिमला के जिले के कुमारसैन की महिला अपने मायके में आई थी. उसने ब्रौ थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि 18 मई को अपने मायके आई थी और रात के समय घर के कमरे में अकेली सो रही थी. इस बीच 12:30 बजे के करीब किसी ने कमरे की घंटी बजाई. जब उसने दरवाजा खोला तो बाहर एक कोई शख्स खड़ा था. इस पर उसने तुरंत दरवाजा बंद करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने जोर धक्का देकर दरवाजा खोला और कमरे के अंदर घुस आया.

आरोप है कि युवक ने महिला को गले से पकड़ा औऱ फिर धमकाया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान मारने की धमकी दी. इस दौरान महिला ने शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग गया. हालांकि, महिला आरोपी को पहचान नहीं पाई.

उधर, परिजनों ने मामले के बारे में पुलिस के पास शिकायत दी है और भारतीय न्याय संहिता की धारा 332(सी) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है. एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है.