अस्पताल में भी गृह मंत्री अनिल विज एक्टिव मोड में, निपटा रहे काम

इस खबर को शेयर करें

चंडीगढ़। सांस लेने में दिक्कत होने के कारण हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज को पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल कराया गया है। वे यहां भी लगातार एक्टिव मोड में दिखाई दे रहे हैं। वह अपने कार्यालय की फाइलों को निपटा रहे हैं और फोन से अधिकारियों को निर्देश भी दे रहे हैं। अनिल विज का कहना है कि वे हर लड़ाई जीते हैं तो यह जंग भी जीतकर ही लौटेंगे।

गृहमंत्री अनिल विज का स्वास्थ्य पहले से बेहतर है। उनके बीमारी को लेकर कुछ टेस्ट हुए हैं। टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया है। गत शुक्रवार को गृह मंत्री अनिल विज का ऑक्सीजन स्तर अचानक कम हो गया था। जिस कारण डॉक्टरों ने उनको पूर्ण विश्राम की सलाह दी है।

अनिल विज छह बार विधायक बने हैं। वे विधानसभा के सत्र में कभी एक दिन भी अनुपस्थित नहीं रहे लेकिन ऑक्सीजन का लेवल अचानक कम होने के कारण वह पहली बार विधानसभा की कार्यवाही में शिरकत नहीं कर सके। फिर भी उन्होंने ऑक्सीजन की पाइप लगाकर टेलीविजन पर विधानसभा सत्र की कार्यवाही देखी।

सदन में खली विज की कमी
गृह मंत्री अनिल विज सीनियर मंत्री हैं। उनके विधानसभा में अनुपस्थिति रहने से कमी दिखाई दी। वे मर्यादित तरीके से सदन में अपनी बात रखते हैं और विपक्षी दल पर भी आक्रामक तरीके से निशाना साधते हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने पीजीआई चंडीगढ़ में गृह मंत्री अनिल विज से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।