पड़ने वाली है भीषण गर्मी, लू भी चलेगी, IMD का ताजा अपडेट

इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली: गर्मी की तपिश अब लू का अहसास करवा रही है। मौसम विभाग ने अभी लू की घोषणा नहीं की है। लेकिन हवाएं काफी गर्म हैं। अगले दो दिनों तक गर्मी का प्रकोप और बढ़ेगा। वहीं, कुछ प्राइवेट वेदर एक्सपर्ट्स के अनुसार, 7 से 10 मई तक दिल्ली समेत उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में लू का प्रकोप शुरू हो सकता है। अभी तक उत्तर भारत में इस सीजन में लू नहीं चली है।

रविवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। सुबह की शुरुआत ही आम दिनों से गर्म थी। जैसे-जैसे धूप बढ़ी गर्मी भी बढ़ती चली गई। अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 19 से 63 प्रतिशत तक रहा। सबसे गर्म इलाकों में रिज का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री, फरीदाबाद का 42.5 डिग्री, जाफरपुर का 42.3 डिग्री, मंगेशपुर का 42.4 डिग्री, नजफगढ़ का 43.2 डिग्री, नोएडा का 42.1 डिग्री, पीतमपुरा का 43.4 डिग्री, पूसा का 42.6 डिग्री और सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 44 डिग्री रहा।

आगे गर्मी बढ़ने के आसार
पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी से राहत की संभावना कम है। अगले दो से तीन दिन गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रह सकता है। 7 व 8 मई काफी गर्म रहेंगे। इस दिन अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री रह सकता है। 9 मई की रात बूंदाबांदी की संभावना है। लेकिन इसका गर्मी पर असर नहीं पड़ेगा। 9 व 10 मई को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक रह सकता है। 11 मई को अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंच सकता है।

वीकेंड तक राहत की संभावना
प्राइवेट वेदर एक्सपर्ट नवदीप दहिया के अनुसार, इस सीजन में पहली बार नॉर्थ वेस्ट इंडिया में लू के आसार बन रहे हैं। अगले हफ्ते देश के इस हिस्से में लू की शुरुआत हो सकती है। शुष्क और गर्म नॉर्थ वेस्ट हवाओं की वजह से 7 से 10 मई के बीच राजस्थान, मध्य प्रदेश का तापमान 44 से 47 डिग्री और हरियाणा, पंजाब व दिल्ली-एनसीआर के साथ वेस्ट यूपी के कुछ हिस्सों का तापमान 44 से 45 डिग्री पर पहुंच सकता है। इसके बाद धूल भरी आंधी और बारिश की वजह से वीकेंड तक गर्मी से राहत की संभावना है। मई के मध्य तक आंधी का प्रकोप बढ़ जाएगा।

स्काईमेट के महेश पलावत के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री दर्ज हुआ। कुछ एरिया में यह 42 से अधिक रहा। यह आने वाले दिनें में और बढ़ सकता है। अगले कुछ दिनों तक लू की संभावना नहीं है।