हिमाचल में गहरी खाई में गिरी जीप, पांच की मौत

Jeep falls into deep gorge in Himachal, five killed
Jeep falls into deep gorge in Himachal, five killed
इस खबर को शेयर करें

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सुंदरनगर में एक जीप के गहरी खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और चार गम्भीर रूप से घायल हैं। हादसा गुरुवार देर रात ग्राम पंचायत घीड़ी के कुशला इलाके में हुआ। पुलिस के मुताबिक बोलेरो (एचपी31-8349) में सवार लोग मंडी जिले के विख्यात मंदिर कमरुनाग से दर्शन करके वापिस अपने घर जा रहे थे। रात करीब 09 बजे बोलेरो जब कुशला लिंक रोड नीचे उतर रही थी, तो चालक ने गाड़ी से अपना नियन्त्रण खो दिया तथा जीप लगभग 700 फ़ीट ढाक से नीचे लुढ़क गई। जीप के गिरने से इसके परखच्चे उड़ गए। इसमें सवार पांच व्यक्तियों की मौके पर मृत्यु हो गई तथा तीन लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद चालक घटनास्थल से भाग गया है।

पुलिस के मुताबिक सभी मृतक और घायल मंडी जिले के सुंदरनगर के रहने वाले थे। मृतकों में लाला राम (50) पुत्र गंगू राम, रूप लाल (55) पुत्र परस राम, सुनील कुमार (35) पुत्र बेशर राम, गोबिन्द राम (60) पुत्र रघुराम और मोहण (55) पुत्र किरपा राम शामिल हैं।

इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों में संजीव कुमार (38), किरपा राम (38), कमल कुमार (22) शामिल हैं। ये अस्पताल में भर्ती हैं और इनकी हालत खतरे से बाहर है। चालक का नाम अनिल दत्त (51) है और वह भी सुंदरनगर का निवासी है। मंडी की एसपी सौम्या सांबाशिवन ने दुर्घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

इस बीच मंडी जिले में चैलचौक से कांढा सड़क पर कुन मोड़(जुलाह) के पास एक आल्टो कार खाई में लुढ़क गई। शुक्रवार सुबह हुए इस हादसे में चालक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त भूपेंद्र कुमार (26) पुत्र अनंतराम वार्ड नंबर 9 गांव सिउनी धार डाकघर नथान जिला कुल्लू के तौर पर हुई है।