एम्प्लाई ने घटाए 30 Kg वजन, शर्त हारने के बाद कंपनी के CEO ने दिए 2.5 लाख रुपये! पोस्ट वायरल

Nithin Kamath Fitness Bet: देश की सबसे बड़ी स्टॉक ब्रोकिंग कंपनियों में से एक जेरोधा के को-फाउंडर और सीईओ नितिन कामत इस समय ढाई लाख रुपये हारकर भी जश्न मना रहे हैं. मामला किसी शेयर बाजार या बिजनेस डील का नहीं, बल्कि सेहत से जुड़ी एक अनोखी शर्त का है. नितिन कामत ने खुद सोशल मीडिया पर इस मजेदार और प्रेरणादायक घटना को शेयर किया है, जिसने इंटरनेट पर धूम मचा दी है.

यह पूरी कहानी जेरोधा के कंटेंट और मीडिया स्ट्रेटेजिस्ट रोहित अगरवाला की है. दरअसल, ऑफिस में करीब एक साल पहले एक हेल्थ चैलेंज शुरू हुआ था. इस चैलेंज में नितिन कामत और ऑफिस के बाकी साथियों के साथ एक शर्त लगी थी. रोहित का वजन उस समय काफी ज्यादा था. शर्त यह थी कि अगर रोहित अपना वजन एक तय सीमा तक कम कर लेते हैं, तो उन्हें ₹2.5 लाख का इनाम मिलेगा.

मोटापे से जंग और जीत
रोहित ने इस चैलेंज को बहुत गंभीरता से लिया. पिछले साल अप्रैल के महीने में रोहित का वजन करीब 104 किलो था. जब जून में यह शर्त आधिकारिक तौर पर शुरू हुई, तब तक वह कड़ी मेहनत से अपना वजन 95 किलो पर ला चुके थे. इसके बाद उनका अगला टारगेट जनवरी तक 75 किलो पर पहुंचना था. रोहित ने दिन-रात एक कर दिया. सही डाइट और रेगुलर वर्कआउट के दम पर 8 जनवरी को उनका वजन 74.5 किलो हो गया. यानी उन्होंने टारगेट से भी आधा किलो ज्यादा वजन कम कर दिखाया.

बॉस ने खुशी-खुशी दिए पैसे
जैसे ही रोहित ने अपना 30 किलो वजन कम करने का लक्ष्य पूरा किया, नितिन कामत अपनी शर्त हार गए. नितिन कामत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रोहित के साथ एक हंसती हुई तस्वीर शेयर की. उन्होंने लिखा कि वह यह फिटनेस बेट हार गए हैं, लेकिन इस हार से उन्हें बहुत ज्यादा खुशी मिली है. नितिन कामत ने रोहित के जज्बे और अनुशासन की जमकर तारीफ की.

पैसे से बढ़कर सेहत
रोहित ने भी अपनी इस कामयाबी को इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. रोहित ने लिखा कि नितिन कामत से ₹2.5 लाख जीतना उनके जीवन का सबसे बड़ा फ्लैक्स है. हालांकि, रोहित का कहना है कि उनके लिए यह पैसा सबसे जरूरी नहीं है. उनके लिए सबसे बड़ी बात यह है कि इस बहाने उन्हें अपनी सेहत सुधारने का मौका मिला. एक साल में 30 किलो वजन घटाना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है.