जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर में हनीट्रैप का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो युवकों की शिकायत पर युवती सहित 2 युवकों को गिरिफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया गया कि युवती इंस्टाग्राम पर युवकों से दोस्ती कर उन्हें मिलने के लिए बुलाती और ब्लैकमेल कर उनसे रुपए वसूलती थी। इसमे 2 पुलिस कॉन्स्टेबल की भी संदिग्ध भूमिका सामने आ रही है, वे मौके पर पहुंच कर इनकी मदद करते थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन तीनों के अलावा गैंग में और कितने लोग शामिल हैं और अब तक कितने युवकों को ब्लैकमेल कर उनसे रुपए वसूले गए हैं। मामले की गंभीरता देखते हुए एसपी ने दोनों कॉन्स्टेबल को लाइन अटैच कर दिया है।
जबलपुर जिले के इस हनी ट्रैप गैंग की मास्टरमाइंड एक युवती है। युवती नरसिंहपुर जिले के करेली की रहने वाली है, जो करीब तीन महीने से जबलपुर में किराए से रह रही थी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती जबलपुर में कहां और किसके साथ रहती थी। इस मामले में दो युवक भी शामिल है,जो जबलपुर के ही रहने वाले है, जिसमें एक आरोपी विवेक संजीवनी नगर का रहने वाला है और ऑटो चलाता है, जबकि दूसरा साहिल बर्मन प्राइवेट जॉब करता है। इस मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि इसमें दो पुलिस कांस्टेबल की भूमिका भी सामने आ रही है। पुलिस जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि क्या दोनों पुलिसकर्मी इस हनी ट्रैप केस में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शामिल थे।
कैसे हुआ यह पूरा मामला?
जबलपुर के बेलखेड़ा निवासी 19 वर्षीय पीड़ित युवक ने बताया कि सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर एक युवती से दोस्ती हुई। युवती ने अपना नाम रागिनी शर्मा बताया और मोबाइल पर लगातार चैटिंग के बाद युवक को मिलने के लिए जबलपुर बुलाया था। शनिवार को युवक अपने रिश्ते के भाई के साथ विजय नगर पहुंचा। तीनों ने होटल में चाय पी, जिसके बाद युवती उन्हें शताब्दीपुरम स्थित एक घर में ले गई। वहां पहुंचते ही उसने खाने-पीने का सामान और बीयर लाने को कहा। इसके बाद युवक का भाई बाहर चला गया। इस बीच युवती ने मौका पाकर अपने दो साथियों को फोन कर बुला लिया। करीब 10 मिनट बाद दोनों युवक वहां पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही युवती ने दरवाजा खोला। दोनों अंदर घुस आए। गाली-गलौज की और युवक से मारपीट कर उसका वीडियो बनाने लगे।
वीडियो वायरल करने की धमकी दे कर मांगे 1 लाख रुपये
युवती के फोन करने दो युवक साहिल और विवेक मौके पर पहुंचे और युवक को धमकाने लगे कि तुरंत एक लाख रुपए की व्यवस्था करो, नहीं तो न सिर्फ युवती के साथ वाला वीडियो वायरल होगा, बल्कि रेप का मामला भी दर्ज करा देंगे। इसी दौरान शिकायतकर्ता का भाई भी कमरे में पहुंच गया। युवती ने दोनों भाइयों को डराते हुए कहा कि अभी तुरंत कहीं से भी एक लाख रुपए ऑनलाइन मंगवाकर दो, वरना सीधे जेल जाने के लिए तैयार रहो।
परिजनों को दी सूचना
बताया जा रहा है की दोनों डरे सहमे भाइयों ने जबलपुर में रहने वाले अपने परिजनों को सूचने दी और सारी बात बताईं। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने रुपए देने से इनकार किया तो युवती और उसके दोनों साथी भड़क गए और यादव कॉलोनी पुलिस चौकी में तैनात दो आरक्षकों को बुला लिया। इस दौरान युवती ने पुलिस को बताया कि दोनों युवक उसे कमरे में बुलाकर छेड़खानी कर रहे थे।
पीड़ित का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी विवेक के कॉल करते ही सिर्फ पांच मिनट में दो पुलिस आरक्षक शताब्दीपुरम पहुंच गए, जबकि सामान्य हालात में चौकी से वहां पहुंचने में 10 से 15 मिनट लगते हैं। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने भी उन्हें धमकाया और कहा की यहां क्या चल रहा है? युवती की शिकायत पर सीधे जेल जाओगे। इस धमकी से दोनों युवक और घबरा गए, जिसके बाद मौके पर पहुंचे युवक के परिजनों ने मामले की जानकारी एसपी संपत उपाध्याय को दी। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी ने तुरंत कोतवाली सीएसपी रितेश कुमार शिव को जांच के आदेश दिए।
पुलिस कॉन्स्टेबल की भूमिका संदिग्ध
सीएसपी रितेश कुमार शिव को मिली शिकायत के आधार पर प्राथमिक जांच में पाया गया कि युवती के छेड़छाड़ का आरोप लगाते ही 2 कॉन्स्टेबल पुलिस कुछ ही मिनटों में उसी बिल्डिंग में पहुंच गई, जबकि सामान्य हालात में इतनी जल्दी कार्रवाई तभी संभव होती है, जब पहले से किसी प्रकार की सूचना या तालमेल हो। इसी आधार पर जबलपुर में हनी ट्रैप गिरोह के खुलासे और आरक्षकों की संभावित संलिप्तता को देखते हुए एसपी ने मामला गंभीर मानते हुए तुरंत कार्रवाई करते हुए यादव कॉलोनी चौकी में तैनात आरक्षक सचिन जैन और सिद्धार्थ को लाइन अटैच कर दिया है, बताया जा रहा है कि कोतवाली सीएसपी की जांच में सामने आया है कि दोनों आरक्षकों ने घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी। साथ ही महिला से जुड़ी शिकायत होने के बावजूद वे बिना महिला पुलिसकर्मी के ही मौके पर पहुंचे, जो नियमों का उल्लंघन है।
सीएसपी रितेश कुमार शिव के अनुसार, शिकायत के आधार पर रागिनी, साहिल और विवेक के खिलाफ ब्लैकमेलिंग समेत बीएनएस की धारा 308(2), 61(2), 296, 115(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। युवती सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।आगे की फिलहाल जांच जारी है।माना जा रहा है कि जांच में दोषी पाए जाने पर दोनों पर निलंबन की कार्रवाई भी हो सकती है।