भोपाल। यदि आपके मोबाइल पर भी बिजली बिल बकाया होने, कनेक्शन काटने या किसी अनजान नंबर से बिल भुगतान करने का मैसेज आया है, तो सावधान हो जाएं। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश भर में बिजली उपभोक्ताओं को निशाना बनाकर की जा रही साइबर ठगी को देखते हुए मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने एक गंभीर चेतावनी जारी की है।
कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे फर्जी कॉल, एसएमएस और व्हाट्सएप संदेशों के जाल में न फंसें।
निजी नंबर से आए मैसेज तो भूलकर भी न करें भरोसा
बिजली कंपनी ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया है कि कंपनी द्वारा किसी भी उपभोक्ता को बिजली बिल भुगतान के लिए किसी व्यक्तिगत या निजी मोबाइल नंबर से कॉल या संदेश नहीं भेजा जाता है। साइबर ठग अक्सर उपभोक्ताओं को डराने के लिए “आज रात कनेक्शन काट दिया जाएगा” जैसी धमकियां देकर अपने जाल में फंसाते हैं।
ऐसे पहचानें असली और अधिकृत संदेश
कंपनी ने उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए अपनी आधिकारिक सेंडर आईडी और नंबर जारी किए हैं, जो इस प्रकार हैं:
आधिकारिक एसएमएस : बिजली कंपनी के अधिकृत संदेश केवल ‘CCMPCZ’ सेंडर आईडी से ही आते हैं।
व्हाट्सएप अलर्ट: व्हाट्सएप पर संदेश केवल कंपनी के आधिकारिक नंबर 07552551222 से ही भेजे जाते हैं।
यदि इन दोनों के अलावा किसी अन्य नंबर या आईडी से मैसेज आता है, तो वह पूरी तरह फर्जी और धोखाधड़ी का प्रयास है।
केवल अधिकृत माध्यमों से ही करें बिल का भुगतान
उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की वित्तीय चपत से बचाने के लिए कंपनी ने केवल निम्नलिखित अधिकृत केंद्रों और माध्यमों से ही बिजली बिल का भुगतान करने की सलाह दी है:
1. बिजली कंपनी के नजदीकी जोन कार्यालय (कैश काउंटर)।
2. एमपी ऑनलाइन के अधिकृत कियोस्क।
3. कॉमन सर्विस सेंटर।
4. बिजली कंपनी का आधिकारिक वेब पोर्टल या अधिकृत डिजिटल पेमेंट्स ऐप (जैसे कंपनी का स्वयं का ऐप)।
ठगी होने पर तुरंत करें इस नंबर पर शिकायत
बिजली कंपनी ने उपभोक्ताओं से बेहद सतर्क रहने की गुजारिश की है। यदि कोई उपभोक्ता इस प्रकार की किसी साइबर ठगी या धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो उसे बिना वक्त गंवाए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देनी चाहिए, ताकि समय रहते त्वरित कार्रवाई की जा सके।