भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र के सी-सेक्टर सोनागिरी में रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक सनकी प्रेमी ने अपनी ही लिव-इन पार्टनर पर सरेआम जानलेवा हमला कर दिया। दिल दहला देने वाली बात यह है कि इस पूरी वारदात के दौरान महिला की 7 साल की मासूम बेटी भी उसके साथ मौजूद थी।
आरोपी ने महिला के सिर पर हथौड़े से 5 से 6 बार वार किए, जिससे महिला खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ी। महिला को मृत समझकर आरोपी पास की गली में भागा और जेब से चाकू निकालकर अपने पेट में कई वार किए और फिर अपना गला रेत लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शक और आपसी विवाद के कारण अलग रह रही थी महिला
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक आरोपी की पहचान लक्ष्मण प्रसाद के रूप में हुई है। वह पीड़ित महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहता था। महिला घरों में साफ-सफाई और चौका-बर्तन का काम करती है। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे, जिसके बाद महिला आरोपी से अलग रहने लगी थी। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, लक्ष्मण महिला के चरित्र पर शक करता था और इसी वजह से उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी मुंह पर मास्क लगाकर महिला का पीछा कर रहा था और जैसे ही वह काम खत्म कर बाहर निकली, उसने हमला कर दिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
वारदात के बाद पूरे सोनागिरी इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पिपलानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर उसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।