मध्य प्रदेश में एक कथावाचक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है, जिन पर आरोप है कि उन्होंने आरक्षण और बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। कथावाचक बाल बिहारी महाराज की टिप्पणियों पर लोग नाराज हो गए और लिखित शिकायत दी गई।
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में कथा के दौरान शास्त्री ने विवादित टिप्पणियां कीं, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। वह कहते हैं, ‘बाबा साहब आंबेडकर ने आरक्षण को 11 साल के लिए लागू किया था, लेकिन यह अभी भी प्रभावी है क्योंकि हमारा दिल बड़ा है। हम चाहते हैं कि पिछड़े वर्ग के लोग हमारी बराबरी पर खड़े हों और हमें गले लगाएं, लेकिन यदि सवर्ण सरकार के खिलाफ डेंडे लेकर खड़े हो जाएं, यह क्या करेगी?
शास्त्री ने कहा कि यदि ऊंची जाति के समाज एक हो जाएं, हम ऐसे कानून का पालन नहीं करेंगे। हम राम राज्य का पालन करेंगे, सरकार क्या कर लेगी? कथावाचक ने संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को लेकर भी एक विवादित टिप्पणी की।
वीडियो देखने के बाद बुडेरा गांव निवासी मनोज अहिरवार ने 14 अगस्त को भौंती थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने शास्त्री पर भीमराव आंबेडकर, एसएसी-एसटी, ओबीसी और बहुजन समाज के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और ‘कानून को जलाने’ की धमकी भी दी।
वीडियो के आधार पर पुलिस ने शास्त्री के खिलाफ बीएनएस की कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। कथावाचक के खिलाफ जांच की जा रही है।