ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार कार, खाटूश्यामजी जा रहे मध्य प्रदेश के 5 लोगों की मौत

जयपुर: शनिवार की सुबह जब पूरा शहर नींद के आगोश में था, तब मध्य प्रदेश से बाबा खाटूश्यामजी के दरबार में हाजिरी लगाने आ रहे पांच श्रद्धालुओं के लिए हाईवे काल बन गया। जयपुर के चाकसू क्षेत्र में नेशनल हाईवे-52 पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला सहित पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को चीखने तक का मौका नहीं मिला।

सुबह की वो एक ‘झपकी’ और मच गई तबाही
हादसा सुबह करीब 5:30 बजे कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे पर टिगरिया मोड़ के पास हुआ। मध्य प्रदेश के जबलपुर से आए ये श्रद्धालु कार में सवार होकर जयपुर की ओर बढ़ रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि लंबी यात्रा के कारण संभवतः चालक को नींद की झपकी आ गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि बेकाबू कार आगे चल रहे बजरी से भरे एक ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रेलर के नीचे दबकर पूरी तरह पिचक गया। राहगीरों की सूचना पर चाकसू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में एक महिला सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

जबलपुर से खाटू के लिए निकले थे भक्त
मृतकों की पहचान जबलपुर (एमपी) निवासी रेशमा श्रीवास्तव, पीयूष राय, रजक राहुल और ड्राइवर अनुराग के रूप में हुई है। पांचवें मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। इन सभी की आंखों में बाबा श्याम के दर्शन की अभिलाषा थी, लेकिन मंजिल से पहले ही मौत ने अपना जाल बिछा दिया। पुलिस ने सभी शवों को चाकसू के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है।

हाइवे पर 2 घंटे तक लगा रहा जाम
हादसे के बाद ट्रेलर में भरी बजरी सड़क पर बिखर गई, जिससे नेशनल हाईवे-52 पर वाहनों की रफ्तार थम गई। हादसे और बिखरी बजरी के कारण करीब 2 घंटे तक हाईवे पर लंबा जाम लगा रहा। चाकसू थानाधिकारी मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर और बजरी साफ करवाकर यातायात सुचारू करवाया गया।