Model Khushboo Verma Case: भोपाल में मॉडल खुशबू वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने एक नया मोड़ ले लिया है. पुलिस को मिली शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है कि मॉडल गर्भवती थी और उसकी मौत का कारण प्रेग्नेंसी कॉम्पलिकेशन था, जिसमें उसकी फैलोपियन ट्यूब (गर्भाशय नली) फट गई थी.इस मामले में, मॉडल का लिव-इन पार्टनर कासिम पुलिस की हिरासत में है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है.
मॉडल खुशबू गर्भवती थी
दरअसल, मॉडल खुशबू वर्मा (27) की मौत की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार खुशबू गर्भवती थी और उसकी फैलोपियन ट्यूब फट गई, जिससे आंतरिक रक्तस्राव हुआ और उसकी मौत हो गई.मेडिकल रिपोर्ट में प्रेग्नेंसी कॉम्प्लिकेशन को मौत का कारण बताया गया है. बता दें कि कासिम और मॉडल खुशबू डेढ़ साल से लिव-इन रिलेशनशिप में थे. कासिम ने पुलिस के सामने खुद को निर्दोष बताया है.
कासिम ने कहा- खुशबू के गर्भ में मेरा ही बच्चा था
इस मामले में मॉडल का बॉयफ्रेंड कासिम फिलहाल पुलिस की हिरासत में है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. पूछताछ में कासिम ने पुलिस को बताया कि खुशबू के गर्भ में मेरा ही बच्चा था. उसने बताया कि दोनों की पहचान करीब दो साल पहले एक लाउंज में हुई थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू हुई. लगभग 16 महीने पहले दोनों ने एक-दूसरे से प्यार का इजहार किया और लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे.
कासिम ने बताया कि वे दोनों जल्द शादी करने वाले थे और हाल ही में इस बात की जानकारी उन्होंने खुशबू की मां को भी दी थी. उसने कहा कि खुशबू के साथ उसने कभी किसी तरह की मारपीट या दुर्व्यवहार नहीं किया. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले को लेकर हर एंगल से जांच की जा रही है, ताकि मौत की असली वजह का पता लगाया जा सके.