गैस की किल्लत पर पीएम मोदी की मिमिक्री करना पड़ा भारी, शिक्षक सस्पेंड

शिवपुरी : एक सरकारी शिक्षक को प्रधानमंत्री पर टिप्पणी करना महंगा पड़ा. शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है. शिक्षक ने गैस की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली. इसमें प्रधानमंत्री की मिमिक्री की गई. शिक्षक ने पीएम मोदी की नकल उतारते हुए सिलेंडर के दाम और उसकी किल्लत का जिक्र किया.

शिवपुरी के सरकारी स्कूल के शिक्षक साकेत पुरोहित ने गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर कटाक्ष किया. शिकायत मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है. शिक्षक पर गैस के मौजूदा दाम और उसकी किल्लत को लेकर अशांति फैलाने का आरोप लगाया गया. शिक्षक की पोस्ट पर पिछोर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने शिक्षा विभाग से कार्रवाई करने मांग करते हुए पत्र लिखा. इस पर शिक्षा विभाग ने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की. शिक्षक के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं.

आरोप है कि खाड़ी युद्ध के बाद पैदा हुए हालात गैस की किल्लत और बड़े हुए दम को लेकर सरकारी शिक्षक ने प्रधानमंत्री की भद्दी नकल करते हुए अशांति फैलाने की कोशिश की. शिक्षक ने विवादित पोस्ट को सोशल मीडिया पर अपने अकाउंट के जरिए पोस्ट कर दिया. पोस्ट जैसे ही वायरल हुई तो स्थानीय विधायक ने संज्ञान लिया और शिक्षा विभाग से कार्रवाई की मांग की. शिक्षा विभाग का कहना है कि सरकारी नियम के मुताबिक मध्य प्रदेश सिविल सेवा अधिनियम 1965 की धाराओं में कार्रवाई की गई है.

इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव का कहना है “यह मामला पिछोर विधायक की शिकायत पर सामने आया. सोशल मीडिया पर सामने आए आपत्तिजनक वीडियो के संबंध में प्राथमिक जानकारी में शिक्षक दोषी पाया गया है, जिसे निलंबित कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.”