मध्य प्रदेश में रेप के आरोपी के घर पीड़िता के परिजनों ने किया हमला, पीट-पीटकर मां की हत्या

शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में खौफनाक घटना सामने आई है। जिले के रन्नौद कस्बे में रेप की घटना के बाद हालात हिंसक हो गए। आंगनवाड़ी सहायिका के साथ रेप का आरोप लगने के बाद पीड़िता के आक्रोशित परिजन आरोपी इंदल गुर्जर के घर पहुंच गए और उस पर हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई आरोपी की 60 साल की मां शिव कुंअर गुर्जर की लाठियों से पिटाई कर दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं आरोपी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेडिकल कॉलेज शिवपुरी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, हत्या की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। जानकारी के अनुसार इंदल सिंह गुर्जर पर आंगनवाड़ी सहायिका के साथ रेप का आरोप है। मामले की जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिजन आक्रोशित होकर आरोपी के घर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी।

इसी दौरान आरोपी की मां शिवकुंवर अपने बेटे को बचाने आईं। हमलावरों ने उन्हें भी लाठियों से पीटा, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

क्या बोली पुलिस
रन्नौद थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि आंगनवाड़ी सहायिका की शिकायत पर आरोपी इंदल गुर्जर के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया गया है। महिला की मौत के मामले में जांच जारी है, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।