नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर लोगों को किडनैप करने वाली लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही स्कॉर्पियो कार भी जब्त की गई है और लाखों रुपये भी बरामद किए गए हैं।
शादी के नाम पर लूटे लाखों
बृजपुर के रहने वाले बसंत लाल त्रिपाठी (43) ने अपने साथ हुए हादसे को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बसंत लाल त्रिपाठी ने बताया कि 15 दिन पहले शादी के लिए उनका उडकी सिंहपुर गांव के निवासी लल्लू चौधरी से संपर्क हुआ।
23 फरवरी को वह अपने साथियों के साथ लड़की देखने पहुंचे। मिश्रा ढाबा के पास लल्लू चौधरी दो युवतियों एवं एक महिला के साथ मिला। शादी के नाम पर रुपयों की मांग की गई, लेकिन रुपये देने से इनकार करने पर उन्हें डरा-धमकाकर भगा दिया गया। इसके बाद शाम 7:30 बजे सफेद स्कॉर्पियो में बैठकर कुछ लोग आए और बसंत लाल त्रिपाठी को जबरन गाड़ी में बैठाया और सुनसान रास्ते पर ले गए।
बसंत लाल त्रिपाठी को झूठे प्रकरण में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने उनसे 20 हजार नकद रुपये ले लिए और 80 हजार रुपये UPI ट्रांसफर कराए। इसके बाद उन्हें सुनसान रास्ते पर उतार दिया गया।
पुलिस ने की घेराबंदी
मुखबिर से मिली सूचना पर 26 फरवरी को पहाड़ीखेड़ा बस स्टैंड पर घेराबंदी कर आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने दिव्या उर्फ नैना, अन्नू और लल्लू चौधरी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से शादी का झांसा देकर ठगी करने का अपराध स्वीकार किया।