मध्य प्रदेश में 3 स्कूल टीचर 2 महिला कुक से 5 सालों तक करते रहे दुष्कर्म, वीडियो से हुआ खुलासा

मुरैना : मध्य प्रदेश के मुरैना से स्कूल में हैवानियत का मामला सामने आया है. यहां स्कूल के हैडमास्टर और दो अन्य शिक्षकों पर महिला रसोइयों के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप लगे हैं. मामला तब उजागर हुआ जब हैडमास्टर और महिला रसोइया का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो गया. घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने जौरा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीनों नामजाद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है.

वीडियो सामने आने के बाद खुलासा

पुलिस के मुताबिक जिले के जौरा थाना क्षेत्र में आने वाले निमास गांव में एक शासकीय प्राथमिक विद्यालय संचालित है. विगत 2 माह पहले सोशल मीडिया पर इस विद्यालय का वीडियो सर्कुलेट हुआ था. इसमें हैडमास्टर एक महिला रसोइया के साथ दुष्कर्म करते नजर आ रहा था. वीडियो सर्कुलेट होते ही दो महिला रसोइया शिकायती आवेदन लेकर जौरा थाने पहुंचीं, जहां उनकी बात नहीं सुनी हई, इसके बाद वे मुरैना पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं. एसपी के निर्देश पर जौरा पुलिस ने पड़ताल की तो मामला सही पाया गया.

2022 से लगातार हो रहा दुष्कर्म

आरोप है कि हैडमास्टर ने विगत 15 अगस्त 2022 को पहली बार एक महिला रसोइया के साथ विद्यालय के अंदर ही दुष्कर्म किया था. इसके बाद वह महिला के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट करने की धमकी देकर आए दिन दुष्कर्म करता रहा. हैडमास्टर की हैवानियत यहीं नहीं रुकी, उसने रसोइया के अश्लील वीडियो अपने दो अन्य साथी शिक्षकों को दिखाए और दो महिला रसोइयों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. आरोप है कि यह सिलसिला विगत 4 वर्ष से निरंतर चला आ रहा था.

इसके बाद पुलिस ने दोनों पीड़ित महिलाओं की रिपोर्ट पर आरोपी हैडमास्टर व दो अन्य शिक्षकों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है. ASP सुरेन्द्र पाल सिंह डावर ने कहा, ” जांच में आरोप सही पाए गए हैं और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.” यह घटना शिक्षा के मंदिर में भरोसे और सुरक्षा पर सवाल खड़ा करती है और समाज में गहरी चिंता पैदा कर रही है.