गुना: राघौगढ़ ब्लॉक के धरनावदा स्थित शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक के खिलाफ बंदूक से खुलेआम हवाई निशाना लगाने के आरोप में मामला दर्ज हुआ है. आरोपी शिक्षक विनोद साहू का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब सर्कुलेट हो रहा है, जिसमें वह स्कूल स्कूल परिसर में राइफल लेकर घुसते नजर आ रहा है. घटना के बाद प्रभारी प्रचार्य की शिकायत पर धरनावदा पुलिस ने शिक्षक पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी शिक्षक मूल रूप से राजस्थान के कवाई (सालपुरा) का निवासी है.
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
वीडियो 7 अप्रैल की दोपहर करीब 1 बजे का बताया जा रहा है. प्राचार्य ममता सोनी ने आरोपी शिक्षक विनोद साहू के खिलाफ धरनावदा थाना में लिखित शिकायत की है, लिखित शिकायत के अनुसार, 7 अप्रैल की दोपहर आरोपी शिक्षक विनोद हाथ में बंदूक लेकर अचानक स्कूल प्रांगण में दाखिल हो गया. परिसर में खुलेआम हथियार देखकर छात्र-छात्राएं और स्टाफ दहशत में आ गए.
रोकने पर और किया निशानेबाजी
लिखित शिकायत में प्रभारी प्राचार्य ने आगे बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद माध्यमिक शिक्षक चंद्रमोहन कुशवाह और उच्च माध्यमिक शिक्षक अंजू गुप्ता ने उसे रोकने का प्रयास किया और समझाइश दी. इस पर आरोपी और ज्यादा आवेश में आ गया. उसने आपा खोते हुए स्टाफ के सामने ही बंदूक से निशाना साधना शुरू कर दिया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के लगभग ढाई महीने बाद सोमवार को मामले में लिखित शिकायत की गई. जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है. एसपी हितिका वासल ने बताया, “प्राचार्य द्वारा इस संबंध में पुलिस को आवेदन दिया गया था. जिस पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया एफआईआर की है. मामले की जांच जारी है.”
आरोपी शिक्षक विनोद साहू ने सफाई देते हुए कहा, “यह मामला करीब ढाई महीने पुराना है. मेरे हाथ में एक एयरगन थी. जो हमारे एक शिक्षक साथी स्कूल समय के बाद उसे लेकर आए थे. हम सभी स्टाफ ने उत्सुकतावश उसे अपने हाथ में लेकर देखी थी. मैडम द्वेषपूर्वक धमकाने का आरोप लगा रही हैं.”