यूपी में मानसून 3-4 दिनों में गोरखपुर-महराजगंज के रास्ते एंट्री कर सकता है। मंगलवार को नोएडा, मेरठ, आगरा, हापुड़, ललितपुर और बागपत में धूलभरी आंधी के बाद बारिश हुई। हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी/घंटा रिकॉर्ड की गई। पूर्वी यूपी में तेज धूप है। भीषण गर्मी और उमस हो रही है।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मानसून 26-27 जून तक पूरे यूपी में पहुंचने के आसार हैं। आमतौर पर 20 जून तक मानसून यूपी में एंट्री कर लेता है। लेकिन, इस बार यूपी-बिहार बॉर्डर पर पहुंचने के बाद आगे नहीं बढ़ पा रहा है। पिछले 15 दिनों से यह महराजगंज के पास रुका है। मंगलवार को 16 शहरों में बारिश और 38 शहरों में हीटवेव का अलर्ट है।
पिछले 24 घंटे की बात करें, तो प्रयागराज (43.3°C) देश में सबसे गर्म शहर रहा। गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, मऊ, गाजीपुर और बलिया में बारिश हुई। बस्ती में आंधी-बारिश की वजह से पेड़-पोल उखड़ गए। एक पेड़ उखड़कर कार पर गिर गया। सड़क पर यूनिपोल गिरने से भारी ट्रैफिक जाम लग गया।