रतलाम : शहर के सराय क्षेत्र में लूट की वारदात से सनसनी. ब्लिंकिट कंपनी की ड्रेस पहने दो नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. घटना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे की है, लेकिन मंगलवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई. पीड़ित व्यापारी ने बताया कि उनके घर पर बैग में 40 लाख रुपये नगद रखे थे. बदमाश बैग लूटकर फरार हो गए.
अवैध लेनदेन के एंगल से भी जांच
पुलिस के अनुसार व्यापारी मनीष पटवा हुंडी कारोबारी हैं. पुलिस थाने पर की गई शिकायत में 40 लाख रुपए की राशि शासकीय शराब दुकानों के कलेक्शन की बताई गई है. दिनदहाड़े हुई लूट के मामले में स्टेशन रोड थाना पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है. पुलिस हुंडी व्यापार और रुपयों के अवैध लेनदेन के एंगल पर भी जांच कर रही है.
मुंह पर कपड़ा बांधे थे बदमाश
पीड़ित व्यापारी मनीष पटवा के अनुसार “उनके दोस्त गौरव शर्मा की शराब दुकानें हैं. शराब दुकानों के कलेक्शन का 40 लाख रुपया उनके पास रखा गया था. इसी दौरान तभी ब्लिंकिट कंपनी की ड्रेस पहने एक डिलीवरी बॉय मुंह पर कपड़ा बांधकर आया और बैग छीनकर घर के बाहर पहले से खड़ी स्कूटी पर अपने साथी के साथ फरार हो गया. उनके दोस्त गौरव शर्मा उज्जैन गए हुए थे. उनके लौटने के बाद पुलिस थाने पर शिकायत दर्ज करवाई गई.”
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
स्टेशन रोड थाना पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है. थाना प्रभारी जितेंद्र जादौन ने बताया “व्यापारी के घर से 40 लाख रुपए लूट की सूचना मिली थी. इसकी जांच प्रारंभ कर दी गई. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित व्यापारी के बयान के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है.”
लूट के बाद शिकायत देरी से दर्ज करवाने और व्यापारी के हुंडी कारोबार से जुड़े होने की जानकारी से सामने आने के बाद मामला पेचीदा हो गया है. पुलिस सभी पहलुओं पर हर एंगल से जांच कर रही है. इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, इसमें देखा जा सकता है कि युवक ब्लिंकिट कंपनी की ड्रेस पहनकर स्कूटी से जा रहे हैं.