मध्य प्रदेश में मौसम फिर लेगा करवट, 27 जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी जारी

मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम करवट ले सकता है. अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विज्ञानी अरुण शर्मा के मुताबिक पश्मिची विक्षोभ उत्तर पंजाब और उसके आसपास 1.5 से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है. इसके साथ ही मध्य और ऊपरी स्तर की पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ भी मौजूद है. इसके अलावा एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस 17 मार्च की रात से उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा.

इसकी वजह से मध्य प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवा और बारिश होने की संभावना है. प्रदेश के ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज में तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है.

16-17 मार्च को प्रदेश भर में मौसम साफ रहेगा, लेकिन इसके बाद से प्रदेश का मौसम बदलेगा.

18 मार्च को प्रदेश के श्योपुर, मुरैना, ग्वालियर, भिंड, दतिया, शिवपुरी, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार, बड़वानी, अलीराजपुर, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर और बालाघाट में तेज हवा और गरज के साथ बारिश हो सकती है.

19 मार्च को शिवपुरी, मुरैना, ग्वालियर, भिंड, श्योपुर, दतिया, नीमच, मंदसौर, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, शाजापुर, आगर मालवा, रतलाम, झाबुआ, नीमच, मंदसौर, उज्जैन के अलावा पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर और बालाघाट, टीकमगढ़ छतरपुर में तेज हवा और गरज के साथ बारिश हो सकती है.

उधर इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर संभागों के जिलों में तापमान सामान्य से 2.6 से 2.9 डिग्री तक अधिक बना हुआ है. भोपाल, नर्मदापुर, चंबल, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संगागों के जिलों तापमान 3.4 से 4.5 डिग्री तक अधिक बना हुआ है. पिछले 24 घंटों के दौरान नर्मदापुरम, जबलपुर और शहडोल संभागों के जिलों में 2.2 से 3 डिग्री तक तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है. नर्मदापुर जिले में सबसे ज्यादा 40.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.

इसके अलावा नर्मदापुर में 39.2 डिग्री, मंडला में 38.9 दमोह, रतलाम, सीहोर में 38.2 डिग्री और खंडवा में 38.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. रात का सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 12.6 और दिन का तापमान 32.2 डिग्री रहा.