मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर की खालापार पुलिस ने 1300 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले का खुलासा किया है। पुलिस ने फर्जी ई-वे बिल और दस्तावेज तैयार करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में की गई कार्रवाई में मेरठ रोड स्थित जेड.के. कॉम्प्लेक्स से मेरठ के मोहम्मद नदीम सैफी और मुजफ्फरनगर के मोहम्मद समीर को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 4 लैपटॉप, 3 प्रिंटर, 3 मोबाइल और 103 फर्जी मोहरें मिली हैं।
पुलिस ने मौके से 250 खाली धर्मकांटा पर्चियां, 18 ट्रांसपोर्ट रसीद बुक और ई-वे बिल की प्रतियां भी बरामद की हैं। जीएसटी विभाग को जांच के लिए 120 फाइलें सौंपी गई हैं। विभाग ने इनमें करोड़ों की कर चोरी की पुष्टि की है।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी जानसठ रोड स्थित अक्षा रीसाइक्लिंग एंड वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के संचालक शादाब के लिए काम करते थे। शादाब फर्जी फाइलों के जरिए 18% जीएसटी वापस ले लेता था। अब तक 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा के फर्जी बिल बनाए जा चुके हैं।
एसएसपी ने इस कार्रवाई के लिए खालापार पुलिस टीम को 25,000 रुपये का इनाम दिया है। पुलिस गिरोह के मुख्य आरोपी शादाब की तलाश कर रही है।