मुजफ्फरनगर। शिव चौक के निकट तहसील परिसर स्थित भगत सिंह रोड के बेसमेंट बाजार में एक बार फिर जलभराव की गंभीर समस्या देखने को मिली है। शुक्रवार सुबह हुई हल्की बारिश के बाद ही दुकानों में करीब एक फीट तक पानी भर गया, जिससे दुकानदारों में भारी रोष व्याप्त है। दुकानदारों का कहना है कि पिछले महीने भारी बारिश के चलते बेसमेंट में 6 से 7 फीट तक पानी भर गया था, जिससे करोड़ों रुपये का माल खराब हो गया था।
दुकानदारों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही से हर बारिश में उनकी दुकानें जलमग्न हो जाती हैं। फर्नीचर गल गया है, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान व कपड़े खराब हो चुके हैं। इससे व्यवसाय ठप होने की नौबत आ गई है। उन्होंने बताया कि बेसमेंट में लगभग 45 दुकानें हैं, और हर एक दुकान के मालिक को लाखों का नुकसान झेलना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जाए और भविष्य में इस तरह की स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए स्थायी समाधान किया जाए।