जम्मू हादसे में मुजफ्फरनगर के 5 लोगों की मौत: सांसद और मंत्री ने हर संभव मदद का दिया आश्वासन

5 people from Muzaffarnagar died in Jammu accident: MP and minister assured all possible help
5 people from Muzaffarnagar died in Jammu accident: MP and minister assured all possible help

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के रामपुरी क्षेत्र के 5 लोगों की जम्मू के कटरा क्षेत्र में हुए हादसे में मौत हो गई है। कई लोग इस हादसे में घायल भी हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही जिले में शोक की लहर दौड़ गई।

शुक्रवार को बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंदन सिंह चौहान और पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार पीड़ित परिवारों से मिलने रामपुरी पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

सांसद चौहान ने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा को मौके पर बुलाया। उन्होंने जम्मू के अधिकारियों से फोन पर बात कर मृतकों के शवों को मुजफ्फरनगर लाने और घायलों के इलाज की व्यवस्था करने को कहा। मंत्री अनिल कुमार ने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ है। उन्होंने प्रशासन को तत्काल पीड़ित परिवारों की मदद करने के निर्देश दिए।

जनप्रतिनिधियों के पहुंचने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर सहायता का आश्वासन दिया। गांव में बड़ी संख्या में लोग जमा हुए और सभी शोक में डूबे नजर आए।

सांसद चंदन सिंह चौहान ने कहा— “यह बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना है। परिवार के किसी भी सदस्य को अकेला महसूस नहीं होने देंगे। हर संभव मदद और सहयोग के लिए हम उनके साथ खड़े हैं। जम्मू प्रशासन से लगातार संपर्क में हूं ताकि घायलों का बेहतर इलाज हो और मृतकों के शव जल्द से जल्द यहां लाए जा सकें।”

कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा— “यह अपूरणीय क्षति है। प्रदेश सरकार हर पीड़ित परिवार की पूरी मदद करेगी। दुख की इस घड़ी में हम सभी परिवारों के साथ खड़े हैं।”