मुजफ्फरनगर में स्मैक तस्करों के खिलाफ कार्रवाई: डेढ़ किलो स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर की बुढ़ाना पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 1.5 किलोग्राम स्मैक बरामद की है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान राहत उर्फ कासिम और अरशद के रूप में हुई है। राहत उर्फ कासिम पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने तलाशी के दौरान स्मैक के अलावा 2 कांटे, थैले और 60 जिपर पाउच भी बरामद किए। ये सामान नशीले पदार्थों की पैकिंग और सप्लाई के लिए इस्तेमाल किया जाता था। बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये आंकी गई है।

जांच में सामने आया कि दोनों तस्कर मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर और हरियाणा के विभिन्न इलाकों में नशे की सप्लाई करते थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत पहले से ही करीब छह मुकदमे दर्ज हैं। ये लंबे समय से नशे का अवैध कारोबार कर रहे थे।