मुजफ्फरनगर में व्यापारी पिता-पुत्र पर हमला, बेटे की हालत गंभीर

मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में ओवरटेक को लेकर हुए विवाद में एक व्यापारी और उसके बेटे पर हमला किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है।

पीड़ित मनोज कुमार ने बताया कि वह अपने बेटे तपन के साथ कपड़ों की दुकान ‘अरिहंत फैशन’ बंद कर द्वारकापुरी रोड से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तपन ने स्कूटी से एक कार को ओवरटेक किया, जिससे कार सवार नाराज हो गए। आरोप है कि कार चालक और उसके साथियों ने स्कूटी को रोककर दोनों को सड़क पर ही पीटना शुरू कर दिया।

घटना यहीं खत्म नहीं हुई। पीड़ित के अनुसार, अगले दिन दुकान के बाहर आरोपियों ने कुर्सी उठाकर तपन के सिर और आंख पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। मनोज कुमार को भी धक्का-मुक्की कर धमकी दी गई और आरोपियों ने मौके से फरार हो गए।

मनोज कुमार का आरोप है कि हमलावर इलाके में परेशानी पैदा करने वाले लोग हैं। इस पर नई मंडी थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान कर रही है। दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई होने की संभावना है।

घटना के बाद शहर के व्यापारियों में चिंता है। व्यापार मंडल के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की मांग की है। स्थानीय निवासियों ने भी ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कदम उठाने की अपील की है।