मुजफ्फरनगर से वैष्णो देवी गए 23 की टोली में से पांच की मौत, कई लापता

मुजफ्फरनगर। यूपी में मुजफ्फरनगर के दक्षिण रामपुरी शहाबुद्दीन पुर से जम्मू वैष्णो देवी गए 23 महिला- पुरुषों की टोली में दो बच्चे सहित पांच की मौत की जानकारी मिली है। जबकि कई लापता है। इसकी सूचना गुरुवार को टोली के मुख्य संयोजक धर्मवीर ने मुजफ्फरनगर फोन कर परिजनों को दी। जानकारी के अनुसार दक्षिण रामपुरी शाहबुद्दीन पुर निवासी धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में मोहले के ही 23 महिला पुरुषों की टोली गत 25 अगस्त को वैष्णो देवी दर्शन करने गए थे। सभी तीर्थ यात्री दर्शन के लिए चढ़ाई कर रहे थे, उसी दौरान भूस्खलन होने से इनमें भगदड़ मच गई।

बताया जा रहा है कि भगदड़ मचने से 23 तीर्थ यात्रियों में से 48 वर्षीय ममता, 49 रामवीरी, 22 वर्षीय अंजलि, आठ वर्षीय दीपेश व छह वर्षीय अनंत की मौत हो गई है। पहले इनकी हालत गंभीर बताई जा रही थी और चर्चा थी कि इनकी मृत्यु हो चुकी है लेकिन अभी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। मोहल्ले में गमगीन माहौल है। ममता की बेटियों का रो-रो कर बुरा हाल है। उधर मामले की सूचना मिलने पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा. संजीवन बालियान भी मोहल्ले में पहुंचकर वैष्णो देवी गए तीर्थ यात्रियों के परिजनों से जानकारी हासिल की। साथ ही स्थानीय प्रशासन से लेकर जम्मू कश्मीर सरकार के प्रशासन से वार्ता करने की कोशिश की है।

मुजफ्फरनगर के कुल 6 लोगों की लैंड स्लाइडिंग में मौत की जानकारी है। इनमें से एक टिल्ला निवासी 22 वर्षीय कार्तिक बताया जा रहा है। इनके अलावा रामपुरी मोहल्ले के यात्रा में गए 23 लोगों में से 5 लोगों के मरने की सूचना है। इनमें बच्चे अनंत और दीपेश के अलावा महिलाएं ममता व रामवीरी और अंजलि बताई जा रही हैं। मृतकों में 2 सगे भाई व मां-बेटी और पड़ोसी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मुजफ्फरनगर के कई लोग लापता व 14-15 घायल हैं। सभी लोग वैष्णो देवी का दर्शन कर नीचे उतर रहे थे। संजीव बालियान ने फोन से जम्मू के अधिकारियों से बात की है।