I Love Muhammad का पोस्टर बना अपराध, मुजफ्फरनगर में 5 पर कार्रवाई

उत्तर प्रदेश में I Love Muhammad के पोस्टर पर विवाद बढ़ता जा रहा है. बरेली में I Love Muhammad के पोस्टर के साथ प्रदर्शन कर रहे मुसलमानों पर पुलिस ने जमकर लाठियां चलाई. अब उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए I Love Muhammad के पोस्टर प्रिंट करने पर 5 मुस्लिम युवकों को गिरफ्तार किया है. साथ ही प्रिंटिंग मशीन भी जब्त कर ली गई है. इस कार्रवाई पर मुस्लिम समाज की तरफ से सवाल उठने लगे हैं.

दरअसल, मुजफ्फरनगर जिले के खालापार थाना पुलिस को एक सूचना मिली कि कुछ मुस्लिम नौजवान I Love Muhammad के पोस्टर वाहनों और घरों पर लगा रहे हैं. इस सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की और भारी मात्रा में पोस्टर जब्त कर लिया. साथ ही एक प्रिंटर मशीन, लैपटॉप और कंप्यूटर भी जब्त किए गए हैं. I Love Muhammad के पोस्टर विवाद और आगामी त्योहारों को देखते हुए मुजफ्फरनगर जनपद में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के द्वारा धारा 163 को भी लागू कर दिया गया है.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस की कार्रवाई में मौके से दो मुल्जिम नावेद और सिंदबाद को गिरफ्तार किया है. दूसरी तरफ तितावी थाना पुलिस ने भी आई लव मोहम्मद पोस्टर के मामले में 3 मुल्जिम हमजा, ओसामा और नज़ाकत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

बता दें कि जनपद की पुलिस लगातार आई लव मोहम्मद पोस्ट विवाद और आगामी त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में लगातार फ्लैग मार्च कर रही है. वहीं, सोशल मीडिया पर भी पुलिस द्वारा पैनी नजर रखी जा रही है. साथ ही पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे कामों से बचें वरना कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस के इन कार्रवाइयों पर मुस्लिम समाज के तरफ से सवाल उठाए जा रहे हैं कि I Love Muhammad के पोस्टर बांटना, लगाना या प्रिंट करना कब से गुनाह हो गया है. मुस्लिम समाज की लोग यह सवाल कर रहे हैं कि इस पोस्टर से किस कानून का उल्लंघन हो रहा है. मुस्लिम समाज ने पुलिस पर भेदभाव करने का इल्जाम लगाया है.