मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना नई मंडी क्षेत्र के सुभाषनगर मोहल्ले में एक युवती ने घर में घुसकर छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता मनतशा ने पुलिस को तहरीर देकर दो नामजद तथा एक अज्ञात युवक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, 27 जनवरी को शाम लगभग चार बजे वह घर पर अकेली थी, जबकि उसके परिजन किसी कार्य से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान रथेडी निवासी प्रवेज, गढ़ी निवासी मरजीना तथा एक अज्ञात युवक उसके घर पहुंचे। आरोप है कि मरजीना गेट पर खड़ी हो गई, जबकि प्रवेज और अज्ञात युवक जबरन घर में घुस आए और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए कपड़े फाड़ दिए तथा दुष्कर्म का प्रयास किया।
युवती का कहना है कि उसने शोर मचाकर विरोध किया। शोर सुनकर उसी मकान में किराये पर रहने वाले एक महिला और पुरुष मौके पर पहुंचे और उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। आसपास के अन्य लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता ने बताया कि लगभग तीन माह पूर्व मरजीना के साथ गाली-गलौज और मारपीट को लेकर विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत उसने थाने में दी थी। अब उसने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच उपरांत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।