मुजफ्फरनगर में सांप थैले में डालने के बजाय गले में डालकर वीडियो बनवाने लगा युवक, डसने से मौत

मुजफ्फरनगर। भोपा में पड़ोसी के घर में सांप होने की सूचना पर आए मोहित ने उसे झट से पकड़ लिया। इसके बाद सांप को गले में डालकर वीडियो बनवाने लगा। तभी सांप ने उसके हाथ डस लिया। खेल-खेल में मोहित की जान चली गई।

मुंशी प्रेमचंद की कहानी मंत्र में सांपों से खेलते कैलाश को सांप ने डसा तो भगत ने मंत्र फूंककर जान बचा ली थी। हकीकत में भला ऐसा कहां होता है। मोरना में मोहित (24) ने पड़ोसी के घर में निकले सांप को पकड़ा और तमाशा दिखाने लगा। इकट्ठे हुए लोगों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। मोबाइल में कैद हुआ मौत का जिंदगी पर झपट्टा।

सांप ने मोहित के हाथ पर डस लिया। इसके बाद ना दवा काम आई और ना ही किसी भगत के मंत्र… रह गया सिर्फ अफसोस। हालत खराब होने पर प्राइवेट डॉक्टर से इलाज भी कराया और झाड़ फूंक भी कराई लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मोरना के मंगल प्रजापति के घर शनिवार रात पर्दे पर सांप दिखाई दिया। परिवार ने शोर मचाया। पड़ोसी मोहित ने मौके पर पहुंचकर पलभर में सांप को पकड़ लिया। यहीं से जिंदगी और मौत के बीच 60 सेकेंड का खेल शुरू हुआ। पास खड़े लोगों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। मोहित ने सांप को थैले के बजाए गले में डालकर तमाशा दिखाना शुरू कर दिया।

कुछ लोगों ने टोका तो कुछ वीडियो बनाते रहे। गले से निकालते वक्त सांप ने हाथ में डस लिया। लोगों के कहने पर सांप को थैले में डालकर छुड़वाया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद मोहित की हालत बिगड़ने लगी। पहले प्राइवेट डॉक्टर के यहां उपचार कराया गया। फिर झाड़-फूंक से लेकर जिंदगी बचाने का हर जतन किया, लेकिन मौत ने दस्तक दे दी थी। देर रात पीड़ित की जान चली गई।