मुजफ्फरनगर में शैतान बने ससुराल वाले, बहू को पीटकर उतारा मौत के घाट

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के खेड़ा मस्तान गांव में दहेज की भेंट एक और बेटी चढ़ गई। तीन महीने पहले बेटे को जन्म देने वाली 22 वर्षीय विवाहिता आरती की ससुराल वालों ने सिर्फ इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि दहेज में मोटरसाइकिल नहीं दी गई। पुलिस ने पति रोहित, ससुर ओमकार और जेठ विकास को मौके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सास और एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?
आरती की शादी तीन साल पहले खतौली क्षेत्र के खेड़ा मस्तान निवासी रोहित से हुई थी। तीन महीने पहले उसने बेटे को जन्म दिया था। तभी से ससुराल वाले दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे। मायके की आर्थिक स्थिति ठीक न होने से मांग पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद से आरती के साथ मारपीट शुरू हो गई थी।

घटना से एक दिन पहले आरती ने अपने भाई सचिन को फोन कर घबराई आवाज में बताया था कि ससुराल वाले फिर मारने-पीटने पर उतारू हैं। अगले दिन अचानक फोन आया कि आरती सीढ़ियों से गिर गई है। जब मायके वाले पहुंचे तो घर सुनसान था, सिर्फ सास मौजूद थी और आरती का शव फर्श पर पड़ा था।

पड़ोसियों ने खुलासा किया कि रात में आरती के साथ जमकर मारपीट हुई। उसका मुंह कपड़े से बंद कर दिया गया था ताकि चीख बाहर न निकले। सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए गए थे। चेहरा पूरी तरह सूजा हुआ था और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही फुगाना पुलिस और सीओ नीरज सिंह मौके पर पहुंचे। शव पर चोट के स्पष्ट निशान देखते ही मामला गंभीर मानते हुए तुरंत पंचायतनामा भरवाया गया। मायके वालों की तहरीर पर पति रोहित, ससुर ओमकार, जेठ विकास, सास और एक अन्य के खिलाफ दहेज हत्या के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। तीन आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया।