गंगनहर कांवड़ मार्ग पर शव की सूचना से हड़कंप:पुलिस मौके पर पहुंची, युवक जीवित

मुजफ्फरनगर के भोपा बेलड़ा के बीच गंगनहर कांवड़ मार्ग पर गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने एक युवक को बदहवास हालत में पड़ा देखा। ग्रामीणों ने उसे मृत समझकर पीआरवी 112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की जांच की। जांच में पता चला कि युवक मंदबुद्धि था और आराम से सो रहा था। युवक को जीवित देखकर पुलिस ने राहत की सांस ली।

युवक की पहचान भोपा के गांव निरगाजनी निवासी के रूप में हुई। वह पूरी तरह मंदबुद्धि है और अक्सर गांव में इधर-उधर घूमता रहता है। संभवतः वह पैदल चलते हुए गिर गया था और वहीं सो गया था।

उप निरीक्षक इतरत अली ने बताया कि गंगनहर पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर वह एक मंदबुद्धि युवक निकला। पुलिस ने उसके परिजनों को बुलाकर युवक को उनके सुपुर्द कर दिया।