पश्चिमी उतर प्रदेश के जनपद मुज़फ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार अमीन नगर पुलिया पर थाना तितावी पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों ने वाहन रोकने के बजाय भागने की कोशिश की. पीछा करने पर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी.
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके दौरान एक बदमाश इरशाद उर्फ ददा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अलीशेर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया. मौके से फरार बदमाश की तलाश में पुलिस ने घने जंगल में घंटों तक कॉम्बिंग अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली.
घायल बदमाश को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. उसके कब्जे से एक देसी तमंचा, जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा संदिग्ध मोटरसाइकिल बरामद हुई है. जांच में पता चला कि बाइक दिल्ली से चोरी की गई थी.
इरशाद पर था दस हजार का इनाम
पुलिस के अनुसार इरशाद पर 10,000 रुपए का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ जिले के कई थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. वह ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य है. इसी गिरोह के छह सदस्यों को कुछ दिन पहले पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि इरशाद और अलीशेर वांछित चल रहे थे.
चेकिंग के दौरान की फायरिंग
घटना की जानकारी देते हुए सीओ फुगाना रूपाली राव ने बताया कि चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग कर दी. जवाबी कार्यवाही में इरशाद घायल होकर पकड़ा गया, जबकि.उसका साथी फरार है. पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है.