मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के रामराज क्षेत्र में मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर गन्ने से भरा एक ओवरलोड ट्रक कार पर पलट गया। इस हादसे में कार में सवार सहारनपुर निवासी जुनैद और सुहैल गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना शनिवार देर शाम पुट्ठी इब्राहिमपुर गांव के पास हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। रामराज इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मीरापुर से क्रेन मंगाई गई, लेकिन ट्रक में अत्यधिक गन्ना भरा होने के कारण वह उसे हटा नहीं सकी। बाद में दूसरी क्रेन मंगाई गई और दोनों क्रेनों की मदद से ट्रक को हटाकर जुनैद और सुहैल को कार से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलने पर सीओ यतेंद्र नागर और एसडीएम राजकुमार भारती भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यह ट्रक टिकौला शुगर मिल में गन्ना लेकर जा रहा था। मिल की पेराई क्षमता प्रतिदिन 1.2 लाख कुंतल है। मिल के सेंटरों से गन्ना लाने के लिए सैकड़ों ट्रॉले और ट्रकों का संचालन निविदा पर किया जाता है। इन वाहनों को कुंतल दर से भुगतान किया जाता है, जिसके कारण वे क्षमता से कई गुना अधिक गन्ना भरते हैं।
अक्सर ये वाहन ओवरलोड होने के साथ-साथ ओवरहाइट भी होते हैं। पूर्व में भी गन्ने के वाहनों से कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन स्थानीय पुलिस ऐसे वाहनों को रोकने में नाकाम रही है। इससे ये वाहन आम जनता की जान के लिए खतरा बने हुए हैं।