मुजफ्फरनगर में कांवड़ मार्ग पर मीट की दुकानें ढकीं: शिवरात्रि के लिए पुलिस ने प्लास्टिक कवर लगवाए

मुजफ्फरनगर में आगामी महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए पुलिस ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली सभी मीट की दुकानों को तिरपाल (पन्नियों) से ढकवा दिया है। यह कदम शिव भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने और शांतिपूर्ण ढंग से पर्व संपन्न कराने के उद्देश्य से उठाया गया है।

हरिद्वार की हर की पौड़ी से गंगाजल लेकर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की ओर जाने वाले शिव भक्त कांवड़िए मुजफ्फरनगर जिले से होकर गुजरते हैं। इसी कारण नगर में कांवड़ मार्ग पर स्थित मीट की दुकानों को ढका गया है, ताकि खुले में मांस दिखने से कांवड़ियों को कोई परेशानी न हो।

एक होटल में काम करने वाले मोहम्मद दानिश ने बताया कि उनके होटल में भी पर्दे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा, “हमारा मकसद यह है कि हम मांस-मछली बेचते हैं और शिवरात्रि नजदीक है, कांवड़ यात्रा भी चल रही है। इसकी वजह से पर्दा किया गया है, ताकि हमारा काम भी न रुके और दूसरों का त्योहार भी बना रहे।”

दानिश ने यह भी बताया कि उन्हें प्रशासन से पर्दे लगाकर काम करने की हिदायत मिली थी, जिसका पालन करते हुए उन्होंने ये पर्दे लगाए हैं। इस संबंध में सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा ने जानकारी दी कि जिन मीट की दुकानों पर खुले में मांस बेचा जा रहा था और प्रदर्शित किया जा रहा था, उन्हें ढका गया है। साथ ही, उनके स्टॉल को पीछे की ओर स्थानांतरित किया गया है।