मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में लगातार हो रही बारिश से कई परिवारों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। जिले में आधा दर्जन से अधिक मकान गिर गए हैं। इस हादसे में दो लोग घायल हुए हैं।
चरथावल थाना क्षेत्र के गांव घिस्सूखेड़ा में मदन प्रजापति का मकान बारिश से गिर गया। मकान में रखा सारा सामान मलबे में दब गया। बिरालसी में सोनू कुमार के मकान की छत गिरने से सोनू और उनकी पत्नी घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रोनी हरजीपुर में बिल्ला पुत्र तेजवीर का मकान गिरने से उनका सामान मलबे में दब गया। कुल्हाड़ी निवासी आदिल पुत्र कामिल का मकान भी ढह गया। आदिल ने भागकर अपनी जान बचाई। उनका पूरा घर और सामान नष्ट हो गया है।
पीड़ित परिवार जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं। बारिश ने जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी है, वहीं कुछ परिवारों के लिए यह मुसीबत बन गई है।