मुजफ्फरनगरः मस्जिद के इमाम को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चले और हुई फायरिंग

मुज़फ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र के ग्राम पंचायत बझेड़ी गांव में मस्जिद के इमाम की छुट्टी को लेकर हाजी मूसा और फूलमियां परिवार के बीच विवाद हिंसक रूप ले गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट और चार राउंड फायरिंग की घटना हुई। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।

सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि सीसीटीवी प्राप्त कर पीड़ितों से तहरीर ले ली गई है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित हाजी मूसा के अनुसार, पुलिस ने दो आरोपियों को मौके से हिरासत में ले लिया है।

हाजी मूसा ने बताया कि कहासुनी के बाद फूलमियां परिवार के सदस्यों ने अपने मकान की छत से फायरिंग की। इस दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई और हाजी मूसा बाल-बाल बच गए। इसके बाद लाठी-डंडों से भी हमला किया गया, जिसमें कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया। सीओ ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की समीक्षा के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।