मुजफ्फरनगर। गांव लोहड्डा में अवैध पटाखा फैक्टरी में शनिवार को आग लग गई। बारूद में काफी देर तक धमाके होते रहे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रविवार को अब्दुल कासिम ने दम तोड़ दिया।
रतनपुरी क्षेत्र के गांव लोहड्डा में स्थित अवैध पटाखा फैक्टरी में आग लग गई। बारूद में आग लगने से कई धमाके हुए। आग से दो किशोर सहित पांच लोग झुलस गए। डीएम उमेश मिश्रा व एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। घटना में तीन अन्य झुलसे लोगों को पुलिस तलाश कर रही है। वहीं, फैक्टरी संचालक भाग गए। पुलिस को गांव मोहम्मदपुर में दो दुकानों से बड़ी संख्या में पटाखे मिले हैं। झुलसे किशोर अब्दुल कासिम की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रविवार को उपचार के दौरान मौत हो गई।
मोहम्मदपुर निवासी उमरेज का गांव लोहड्डा में घेर है। इसमें काफी समय से अवैध रूप से पटाखा फैक्टरी संचालित थी। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे फैक्टरी में रखे विस्फोटक में आग लग गई। एक के बाद एक धमाके शुरू हो गए।
धमाकों की आवाज सुनकर लोहड्डा व मोहम्मदपुर के लोग घटना स्थल पर पहुंचे। आग में दो किशोर हुजेफा तथा अब्दुल कासिम झुलस गए। इनके अलावा तीन अन्य लोग भी झुलसे हैं। पुलिस इनके बारे में जानकारी कर रही है।
दोनों गांवों के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। उधर, फैक्टरी संचालक वहां से भाग निकले।
डीएम उमेश मिश्रा तथा एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। गांव मोहम्मदपुर में दो दुकानों में भारी संख्या में पटाखे मिले हैं। सीओ फुगाना यतेंद्र नागर ने बताया कि मामले में जांच व आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
अब्दुल कासिम ने दी थी दसवीं की परीक्षा
झुलसे किशोर अब्दुल कासिम को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को उसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसने विगत दिनों कक्षा 10 की परीक्षा दी थी। वह खतौली के सर सैयद इंटर कॉलेज का छात्र था। किशोर की मौत से परिजनों और गांव में शोक है।