मुजफ्फरनगर में दुल्हेंडी पर पसरा मातम, रुड़की रोड पर सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत

मुजफ्फरनगर। जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रुड़की रोड पर बुधवार (दुलहेंडी) को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक की जान चली गई। त्यौहार के दिन हुए इस हादसे से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को रुड़की रोड पर हुए हादसें की राहगीरों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने लहूलुहान हालत में युवक को जिला अस्पताल पहुँचाया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. संजय कुमार वर्मा ने बताया कि युवक की स्थिति बेहद गंभीर थी और अस्पताल लाए जाने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया था। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की कार्यवाही शुरु और शिनाख्त की चुनौती
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल घटनास्थल और अस्पताल, दोनों स्थानों पर मौजूद है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। समाचार लिखे जाने तक युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस मृतक की बाइक के नंबर और सोशल मीडिया के माध्यम से उसके परिजनों तक पहुँचने का प्रयास कर रही है।